ग्राम गाड़ी में विधवा से वसूला किराया
बुढ़मू में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत एक विधवा महिला से किराया वसूलने का मामला सामने आया है। महिला अपनी मायके से कागजात लेकर बुढ़मू आ रही थीं। लोगों ने आरोप लगाया है कि योजना के तहत लाभार्थियों को मुफ्त यात्रा मिलनी चाहिए, इसलिए किराया लेना अनुचित है। प्रशासन से जांच की मांग की गई है।

बुढ़मू, प्रतिनिधि। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा बेहतर करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बुढ़मू क्षेत्र में एक विधवा महिला से बस में किराया वसूलने का मामला सामने आया है। बताया गया कि महिला ग्रामीण रूट पर चलने वाली बस से अपने मायके खलारी से कागजात लेकर बुढ़मू आ रही थीं। महिला के अनुसार, यात्रा के दौरान उनसे करीब 50 रुपये किराया लिया गया। इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला ने अपनी बात रखी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि योजना के प्रावधानों के तहत संबंधित वर्ग को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलनी है, तो पात्र लाभार्थी से किराया वसूला जाना जांच का विषय है।
लोगों ने परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन से मामले की जांच कराने, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने और योजना का लाभ पात्र लोगों तक सुनिश्चित कराने की मांग की है।

