चाईबासा में जर्जर उपभोक्ता आयोग भवन को लेकर बढ़ी चिंता, प्रशासन से मरम्मत की मांग
दिल्ली के सत्य निकेतन में एक जर्जर भवन के ढहने से हुई मौतों के बाद, चाईबासा में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने अपने जर्जर भवन की मरम्मत के लिए प्रशासन से आग्रह किया है। आयोग ने उपायुक्त को खत लिखकर भवन की हालत और सुरक्षा के प्रति चिंता जताई है।

चाईबासा। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन में जर्जर एवं निर्माणाधीन भवन के ढहने से हुई मौतों के बाद पुराने और असुरक्षित भवनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा स्थित जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के जर्जर भवन को लेकर आयोग ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।आयोग के अध्यक्ष की ओर से 2 सितंबर को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी को पत्र भेजकर भवन की मरम्मत, जीर्णोद्धार अथवा वैकल्पिक भवन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। पत्र में कहा गया है कि भवन का एक हिस्सा और छज्जा पहले ही गिर चुका है, जिससे बड़ा हादसा टल गया।भवन
की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आयोग में आने वाले पदाधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, पक्षकारों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। पत्र में कहा गया है कि लगातार गिरते छज्जे और भवन की जर्जर स्थिति के कारण किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।आयोग ने भवन निर्माण विभाग के अभियंता से भवन का स्थलीय निरीक्षण और तकनीकी जांच कराने का अनुरोध किया है।


