बैडमिंटन चैंपियनशिप : दूसरे दिन हुए 109 मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया दम
मेरठ में राधा गोविंद पब्लिक स्कूल में सीबीएसई राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के दूसरे दिन विभिन्न आयु वर्ग में कड़े मुकाबले हुए। कई विद्यालयों की टीमों ने जीत दर्ज की। बालक-बालिका अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में प्रतिस्पर्धा बढ़ी। खिलाड़ी जीत के बाद खुशी जाहिर कर रहे थे।

मेरठ। राधा गोविंद पब्लिक स्कूल में आयोजित की जा रही सीबीएसई राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में बालक-बालिका वर्ग 2026 के दूसरे दिन बुधवार को अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका श्रेणी में रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले खेले गए। इस दौरान देश-विदेश के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों के बीच कोर्ट पर शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला। बुधवार को दूसरे दिन खेले गए प्रमुख मुकाबलों में कई टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में हुए मुख्य मैचों में द इंडियन हाई स्कूल ने पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 से पराजित किया। वहीं सनबीम सनसिटी स्कूल ने दिल्ली पब्लिक स्कूल पटना को 2-0, द मिलेनियम स्कूल ने न्यू मिलेनियम स्कूल को 2-0 से हराया। सेवा सदन सक्षम स्कूल ने इंडियन स्कूल मंबिला को 2-0 से शिकस्त दी। सेम्फोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल ने सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल को हराकर विजय हासिल की। गैंग्स वैली स्कूल ने राधा गोविंद पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराया। बालक अंडर-14 वर्ग में प्रियोदर्शिनी स्कूल ने मोदी वर्ल्ड स्कूल को 30-25, 30-12 के कड़े मुकाबले में हराकर जीत दर्ज की। राधा गोविंद पब्लिक स्कूल को डीपीएस बेंगलुरु साउथ ने 30-7, 30-9 से हराया। बालक अंडर-17 वर्ग मॉडर्न स्कूल (न्यू दिल्ली) ने इंडियन कम्युनिटी स्कूल को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
खिलाड़यों ने जीत के बाद जाहिर की खुशी
इस मौके पर प्रधानाचार्या संगीता कश्यप, सीबीएसई ऑब्जर्वर संजय शर्मा, सीबीएसई टेक्निकल ऑब्जर्वर अजय चौहान, मैच कंट्रोलर संदीप चौधरी, डिप्टी रेफरी सजल जैन, मेरठ बैडमिंटन एसोसिएशन के जिला सचिव राजेश चौधरी, रेफरी सान्याल, जिला ज्वाइंट सेक्रेटरी विशेष काकरान, आयोजक सचिव सुशील त्यागी रहे। फरीदाबाद के देहली पब्लिक स्कूल की टीम के खिलाड़ी स्पर्श सूद, पार्थ गावरी, आरुष गुप्ता और राघव ग्रोवर ने अंडर-19 में हुए मुकाबलों में जीत हासिल कर खुशी जाहिर की। वहीं, अंडर-14 में विजेता खिलाड़ी डीपीएस के ही ट्विंकल मलिक, भाविका शियोरान और अनिका सैनी ने कहा कि वह मेरठ में खेले हैं। उनके कोच कमल वशिष्ठ भी मेरठ के ही हैं और आजकल फरीदाबाद में फिजिकल टीचर की पोस्ट पर हैं।

