फोन पर अटेंडेंस का विरोध कर सीएचसी अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
नवाबगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने मोबाइल पर उपस्थिति दर्ज कराने की एएमएस प्रणाली के खिलाफ विरोध किया। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर नियमित और संविदा कर्मियों के बीच असमानता की शिकायत की। मांग की गई कि एएमएस प्रणाली सभी को समान रूप से लागू की जाए और नियमितीकरण एवं सेवा सुरक्षा पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
नवाबगंज, संवाददाता। क्षेत्र में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से फोन पर उपस्थिति दर्ज कराने का विरोध किया। मंगलवार को उन्होंने सीएचसी अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सीएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में नियमित और संविदा कर्मी एक साथ काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी उपस्थिति व्यवस्था और सेवा शर्तों में समानता नहीं है। नियमित कर्मियों को सेवा सुरक्षा, वेतनमान, भत्ते और अन्य सुविधाएं मिलती हैं, जबकि संविदा पर कार्यरत सीएचओ इन लाभों से वंचित हैं। सीएचओ ने मांग की कि यदि एएमएस प्रणाली लागू की जाती है, तो इसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सभी संविदा कर्मियों पर समान रूप से लागू किया जाए।
उन्होंने नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। यूपी एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के प्रदेश स्तरीय निर्णय के तहत उन्नाव में 21 जुलाई से सीएचओ एएमएस पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में सीएचओ अभिनव मिश्रा, मोहिनी विजय सिंह, अपर्णा शर्मा, तृप्ति यादव, सोनी, हेमलता, सोनल सिंह, स्वीटी मिश्रा, पूजा मौर्या और शिवानी सहित अन्य सीएचओ शामिल थे।


