आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर लटके ताले मरीज परेशान
बुधवार से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने कैडर निर्माण और नियमितीकरण हेतु प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू की है। हड़ताल के कारण जिले में 200 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सेवाएं प्रभावित हुई हैं। अधिकारी लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं, और पिछले दो वर्षों से लंबित मांगों के समाधान की बात कर रहे हैं।

बुधवार से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने कैडर निर्माण और नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल से जिले में 200 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सीएचओ की नियमित सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। इन केंद्रों पर पहुंचे मरीज दिनभर इलाज के लिए भटकते रहे। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर शासन स्तर पर आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी के विरोध में प्रदेशभर के सीएचओ ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स उत्तर प्रदेश के जिला अध्यक्ष हेमराज कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में हुई हड़ताल के दौरान सरकार की ओर से सीएचओ का कैडर निर्माण कर उन्हें नियमित किए जाने का आश्वासन दिया गया था। संगठन के अनुसार, इस आश्वासन को करीब दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक कैडर निर्माण और नियमितीकरण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। हेमराज कुमार ने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में सीएचओ की महत्वपूर्ण भूमिका है, पर लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया।जिला महासचिव सुशील कुमार ने कहा कि सीएचओ से लगातार स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्य और विभागीय जिम्मेदारियां ली जा रही हैं, लेकिन संगठन का आरोप है कि उनके साथ किए गए वादों को पूरा करने में सरकार की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई।

