मझगांव छात्र विवाद को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप
चाईबासा के मझगांव में अंजुमन इस्लामिया ने छात्रों के बीच मारपीट को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया। संस्था ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों की सुरक्षा की मांग की। सोशल मीडिया पर विवाद को बढ़ाने की आशंका जताई है। प्रशासन से शांति और सौहार्द बनाने की अपील की।

चाईबासा, संवाददाता। अंजुमन इस्लामिया मझगांव ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर मझगांव थाना क्षेत्र के प्लस टू उच्च विद्यालय में छात्रों के बीच हुई मारपीट की घटना को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया है। संस्था ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय के छात्रों के बीच हुई आपसी झड़प के मामले में दोनों पक्षों द्वारा मझगांव थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है और पुलिस जांच जारी है। इसके बावजूद कुछ व्यक्तियों एवं संगठनों द्वारा सोशल मीडिया और अन्य मंचों के माध्यम से घटना को दो समुदायों के बीच विवाद के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
संस्था ने कहा कि यदि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो विद्यार्थियों और अभिभावकों में भय का माहौल बनेगा तथा बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी।प्रशासन से की गई प्रमुख मांगें : पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। छात्रों के साथ हुई मारपीट के दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। किसी भी समुदाय के विरुद्ध भड़काऊ भाषण, बहिष्कार या तनाव फैलाने वाले बयानों की जांच कर कार्रवाई की जाए। विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था की जाए। दोनों समुदायों के बीच संवाद स्थापित कर शांति एवं सौहार्द बहाल करने के लिए प्रशासन पहल करे।


