खेल : वेटलिफ्टर ऋषिकांत चोट के चलते एशियाई खेलों से बाहर
राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता ऋषिकांत सिंह घुटने की चोट के कारण एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं। वह भारतीय भारोत्तोलन टीम के एकमात्र पुरुष सदस्य थे। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीता था, लेकिन चोट के कारण उन्हें एक महीने का रिहैबिलिटेशन करना पड़ेगा।

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता ऋषिकांत सिंह (60 किलो) घुटने की चोट के कारण एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं। वह एशियाई खेलों के लिए भारोत्तोलन टीम में शामिल एकमात्र पुरुष भारोत्तोलक थे। मणिपुर के ऋषिकांत को जुलाई में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों से करीब एक सप्ताह पहले घुटने में चोट लगी थी। इसके बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और दूसरे स्थान पर रहे थे। भारतीय भारोत्तोलन महासंघ के एक सूत्र ने कहा, हमें उम्मीद थी कि वह खेलों से पहले ठीक हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। जांच के बाद उन्हें एक महीने तक रिहैबिलिटेशन की सलाह दी गई है।
उनके बाहर होने के बाद टीम में अब चार महिला खिलाड़ी रह गई हैं। इनमें टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू (49 किलो), ज्ञानेश्वरी यादव (53 किलो), निरुपमा देवी (61 किलो) और हरजिंदर कौर (69 किलो) शामिल हैं।


