कार्य में शिथिलता में दो अफसरों का वेतन रोका
वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आईजीआरएस मामलों के बेहतर निस्तारण की आवश्यकता पर जोर दिया। उपनिदेशक (पंचायत) की लापरवाही पर एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। जननी सुरक्षा योजना में समस्या समाधान के लिए एडी स्वास्थ्य को मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया।
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने शुक्रवार को आयुक्त सभागार में विभागों की प्रगति और विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान आईजीआरएस मामलों के उचित निस्तारण तथा विभागीय कार्यों की उचित जानकारी नहीं देने पर उपनिदेशक (पंचायत) और जननी सुरक्षा योजना में लापरवाही पर अपर निदेशक स्वास्थ्य का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिया कि आईजीआरएस मामलों में रैंडम फोन कर निस्तारण की जानकारी लें। परियोजनाओं की नियमित निगरानी करके समय से पूरा कराएं। उन्होंने जौनपुर और गाजीपुर को अपनी रैंकिंग में सुधार करने को निर्देशित किया। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
कमिश्नर ने जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। जननी सुरक्षा योजना में पेमेंट के इश्यू की जानकारी होने पर एडी स्वास्थ्य को उचित मॉनिटरिंग करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, सीडीओ प्रखर कुमार, डीएफओ निधि चौहान समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम गाजीपुर, जौनपुर तथा चंदौली बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


