शहीद रतिलाल महतो के विचार आज भी मजदूरों के लिए प्रेरणा : केपी सोरेन
गम्हरिया में झारखंड आंदोलन के नेता शहीद रतिलाल महतो के 27वें शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। केपी सोरेन ने कहा कि रतिलाल महतो ने झारखंड राज्य आंदोलन को नई दिशा दी। सभा में उपस्थित लोगों ने उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखा।
गम्हरिया: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं प्रख्यात मजदूर नेता शहीद रतिलाल महतो के 27वें शहादत दिवस पर सोमवार को ऊपरबेड़ा स्थित उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। शहीद रतिलाल महतो स्मृति रक्षा समिति और झामुमो के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता केपी सोरेन समेत सैकड़ों लोगों ने प्रतिमा और समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। केपी सोरेन ने कहा कि रतिलाल महतो ने अलग झारखंड राज्य आंदोलन और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज बढ़ती बेरोजगारी और मजदूरों का शोषण बड़ी चुनौती है, ऐसे में उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलकर मजदूर हितों की रक्षा और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर वीरेन महतो, पिंटू महतो, शत्रुघ्न महतो सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


