गुजरात तट के पास दो मालवाहक पोत टकराए
-तटरक्षक बल ने जहाज में सवार 21 लोगों को बचाया गया -मुंबई में एक

कांडला, एजेंसी। गुजरात के कांडला के पास समुद्र में दो मालवाहक पोतों में टक्कर हो गई। हादसे के बाद भारतीय तटरक्षक बल ने एक जहाज पर सवार 24 लोगों में से 21 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
टक्कर का विवरण
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, एमवी केमैक्स एम्परर और एमवी ट्रू मेरिनर के बीच कांडला के बाहरी टर्मिनल के पास टक्कर हुई। भारतीय तटरक्षक बल ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। एमवी केमैक्स एम्परर पर सवार 21 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। तीन लोग अभी जहाज पर हैं। वे जहाज के संचालन में मदद कर रहे हैं। हादसे में दोनों जहाजों को कितना नुकसान हुआ और चालक दल के सदस्यों की स्थिति कैसी है, इसकी विस्तृत जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी।
संदिग्ध जहाज की पकड़
मुंबई तट के पास संदिग्ध जहाज पकड़ा...
इसी बीच महाराष्ट्र में भारतीय तटरक्षक बल ने मुंबई तट के पास एक संदिग्ध जहाज को पकड़ा है। उस पर अवैध डीजल तस्करी का संदेह था। तटरक्षक बल को 10 सितंबर को दोपहर करीब दो बजकर 10 मिनट पर समुद्र में एक तेल कुएं के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद एक गश्ती जहाज को मौके पर भेजा गया। तटरक्षक बल ने अंधेरे में संदिग्ध जहाज को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान अवैध शराब और करीब 10 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी मिली। जहाज पर सवार छह लोगों को हिरासत में लिया गया। जहाज, चालक दल और जब्त सामान को मुंबई बंदरगाह लाया गया। सभी को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है।


