महिला कॉलेज के विकास को लेकर विधायक ने दिया भरोसा
भभुआ में शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय में एक बैठक हुई, जिसमें शैक्षिक व्यवस्थाओं और छात्राओं की सुविधाओं में सुधार के लिए कई सुझाव दिए गए। विधायक भरत बिंद ने महिला शिक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। अस्थायी प्राचार्य और अन्य प्राध्यापकों की नियुक्ति से छात्राओं को कोर्स पूरा करने में सहूलियत मिलेगी।

शहर के शहीद संजय सिंह महिला कॉलेज में प्राचार्य व प्राध्यापक की अस्थाई नियुक्ति होने से कोर्स पूरा करने में मिलेगी सहूलियत
भवन मरम्मत, परिसर के सौंदर्यीकरण व सोलर लाइट के लिए डीएम ने दिए निर्देश
बैठक में शैक्षणिक व्यवस्था, नियुक्ति और आधारभूत सुविधाओं पर बनी सहमति (युवा पेज) भभुआ, नगर संवाददाता। शहर के शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय के शासी निकाय की बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में भभुआ विधायक भरत बिंद पहली बार जनप्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास को लेकर कई सुझाव दिए और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, प्राचार्य और शासी निकाय के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और बेहतर करने, प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि महिला शिक्षा को मजबूत करने में महाविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के स्तर से समन्वित प्रयास किए जाएंगे। छात्राओं को रचनात्मक कार्यों से जोड़ने पर भी सदस्यों के बीच चर्चा हुई। पिछली बैठक की कार्यवाही एवं व्यय की संपुष्टि, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और शैक्षणिक सत्र 2025-26 के महाविद्यालय कोष के अंकेषण के मुद्दे पर चर्चा हुई। शिक्षक प्रतिनिधि के निर्वाचन के लिए मतदाता सूची के अनुमोदन समेत अन्य प्रशासनिक मामलों पर भी आवश्यक निर्णय लिए गए। महाविद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया। प्राचार्य व प्राध्यपकों की नियुक्ति पर चर्चा बैठक में अस्थायी प्राचार्य की नियुक्ति के साथ विभिन्न विषयों के रिक्त पदों पर अस्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति के प्रस्ताव पर विचार किया गया। नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों के विश्वविद्यालय से अनुमोदन कराने की प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बताया गया है कि इनकी नियुक्ति होने से कॉलेज में छात्राओं को कोर्स पूरा करने में सहूलियत मिलेगी। कोर्स पूरा होने पर छात्राओं में अच्छे अंक से परीक्षा पास करने की संभावना बढ़ जाएगी। छात्राओं की सुविधाओं पर भी जोर बैठक में महाविद्यालय भवन के रखरखाव, परिसर के सौंदर्यीकरण और सोलर लाइट व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंत्रण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। छात्राओं के लिए उपलब्ध प्रयोगशाला और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के प्रभावी संचालन पर भी ध्यान देने को कहा गया। विधायक भरत बिंद ने कहा कि महाविद्यालय को बेहतर शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी महाविद्यालय के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। फोटो- 31 जुलाई भभुआ- 11 कैप्शन- भभुआ शहर के शहीद संजय सिंह महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को शासी निकाय की बैठक में भाग लेते विधायक भरत बिंद, डीएम नितिन कुमार सिंह व अन्य।


