दुष्कर्म का वीडियो वायरल, गिरफ्तार
सरायरंजन के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मां को वीडियो में घटना देखने के बाद पता चला। आरोपियों ने हत्या की धमकी दी, जिससे युवती ने 5 माह तक किसी को नहीं बताया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सरायरंजन, निसं। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ हथियार दिखाकर सामूहिक दुष्कर्म व इसका वीडियो बनाकर उसे व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना करीब 5 माह पुरानी बताई जा रही है। पीड़िता की मां के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी
प्राथमिकी के अनुसार, 8 सितंबर को पीड़िता की मां के मोबाइल पर एक वीडियो आया। वीडियो में उनकी पुत्री के साथ दो युवक कथित रूप से दुष्कर्म करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो देखने के बाद मां ने बेटी से पूछताछ की। उसने करीब 5 माह पहले हुई घटना की जानकारी मां को दी।
दुष्कर्म की घटना
पीड़िता ने बताया कि एक रात वह शौच के लिए खेत में गई थी। वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने कथित रूप से हथियार दिखाकर उसे डराया और पकड़ लिया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया एवं घटना का वीडियो भी बना लिया। घटना के बाद आरोपियों ने धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा और वीडियो प्रसारित कर दिया जाएगा।
पुलिस कार्रवाई
भय का फायदा उठाकर बाद में भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। डरी युवती ने पांच माह तक घटना किसी को नहीं बताई। वीडियो सामने आने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन दिया गया है। प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।


