ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशकश्मीर से राजस्थान तक शीतलहर की आहट, फतेहपुर में तापमान 2.4 डिग्री; जानें मौसम का हाल

कश्मीर से राजस्थान तक शीतलहर की आहट, फतेहपुर में तापमान 2.4 डिग्री; जानें मौसम का हाल

Weather Updates: देश के कई हिस्सों में शीतलहर की शुरुआत हो चुकी है। देश की राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान के फतेहपुर में पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया।

कश्मीर से राजस्थान तक शीतलहर की आहट, फतेहपुर में तापमान 2.4 डिग्री; जानें मौसम का हाल
Himanshu Jhaलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली।Fri, 25 Nov 2022 07:39 AM
ऐप पर पढ़ें

Weather Updates: देश के कई हिस्सों में शीतलहर की शुरुआत हो चुकी है। देश की राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान के फतेहपुर में पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। वहीं, कश्मीर घाटी में भी सर्दी का सितम जारी है। कई जगहों पर तापमान माइनस में चला गया है।  

राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी की ओर से जारी एक बुलेटिन के अनुसार, न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया जो मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री कम है। 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में बृहस्पतिवार को 24 घंटों का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 213 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को 'गंभीर' माना जाता है। आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे राष्ट्रीय राजधानी में सापेक्ष आर्द्रता 41 फीसदी दर्ज की गई। 

राजस्थान के फतेहपुर में पारा 2.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का
राजस्थान में फतेहपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां बुधवार रात न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार रात फतेहपुर के बाद राज्य में सबसे कम तापमान चूरू में 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सीकर में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री, करौली व संगरिया में 6.5 डिग्री, नागौर में 7.2 डिग्री, भीलवाड़ा में 7.8 डिग्री, पिलानी व चित्तौड़गढ़ में 8.5 डिग्री और अजमेर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 27.0 डिग्री व 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने बताया कि राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। 

कश्मीर घाटी में जारी सर्दी का सितम
कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप जारी है और गुरुवार को न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया तथा अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में पर्यटन स्थल पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा और आज यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यानी बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। इस मौसम के हिसाब से न्यूनतम तापमान तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री कम रहा। केंद्र शासित प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में आज लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो मौसम की इस अवधि के दौरान सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। 

श्रीनगर में हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। आज यहां तेज धूप खिली और अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कश्मीर घाटी के अन्य इलाकों में भी दिन का तापमान सामान्य तापमान से कई डिग्री अधिक दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में आज न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था, जो पिछली रात से शून्य से 0.3 डिग्री कम था।

मौसम विभाग के मुताबिक घाटी के अन्य हस्सिों में भी रात का तापमान हिमांक बिंदु से नीचे दर्ज किया गया, जहां कश्मीर के सीमावर्ती जिला कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में शून्य से 2.0 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुकरनाग में 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें