कर्नल कोठियाल ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, अजीत डोभाल के समर्थन में उतरे
देहरादून में भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कर्नल कोठियाल ने अजीत डोभाल के राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान का बचाव किया और राहुल गांधी तथा कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए डोभाल पर सवाल उठाने को हास्यास्पद बताया। कोठियाल ने नेहरू की तिब्बत नीति पर भी सवाल उठाए और भारतीय सेना को दुनिया की सबसे देशभक्त सेना कहा।
देहरादून। भाजपा महानगर कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कर्नल कोठियाल ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को उत्तराखंड और देश का गौरव बताते हुए कहा कि डोभाल ने पाकिस्तान में रहकर नेटवर्क तैयार किया और देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण काम किए। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का भी जिक्र किया। कर्नल कोठियाल ने कहा कि अजीत डोभाल के योगदान पर सवाल उठाना हास्यास्पद है। उन्होंने राहुल गांधी की मंशा पर सवाल उठाते हुए उनकी सोच को देशविरोधी बताया। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या राहुल गांधी के विचार ही पार्टी की सोच हैं और पार्टी उनके बयानों से सहमत है या नहीं।
उन्होंने जवाहरलाल नेहरू की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि तिब्बत को चीन का हिस्सा बनाने में नेहरू के पंचशील सिद्धांतों की भूमिका रही, जिसका खामियाजा देश आज भी भुगत रहा है। उन्होंने आजादी के बाद कुछ स्थानों पर तिरंगे के साथ इंग्लैंड का झंडा लगाए जाने का जिक्र करते हुए इसे नेहरू की गुलाम मानसिकता का प्रतीक बताया। कर्नल कोठियाल ने भारतीय सेना को दुनिया की सबसे देशभक्त सेना करार दिया।

