एसटीएफ जांच के घेरे में 100 और दवा फर्म
.....नोट : नेट पर न चलाएं ---- - कोडीन कफ सिरप की अवैध सप्लाई

लखनऊ, विशेष संवाददाता
एसटीएफ कोडीन कफ सिरप की अवैध सप्लाई के बहुचर्चित मामले में 100 और दवा फर्मों की जांच कर रही है, जिनका इस्तेमाल तस्करी के बड़े सिंडीकेट में किया गया था। सूत्रों के अनुसार, इनमें लगभग 50 ऐसी डमी फर्म हैं, जिन्हें मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के इशारे पर बनाया गया था।
डमी फर्मों के जरिए अवैध सप्लाई
शुभम ने अपने साथियों व गुर्गों के जरिए इन फर्मों को दवाओं की सप्लाई के लिए फर्जी नाम-पतों पर बनवाया था। इन फर्मों को कोडीन युक्त कफ सिरप की सप्लाई केवल कागजों पर की गई। वास्तव में उस सिरप की सप्लाई कई गुना कीमत पर बांग्लादेश में की गई थी।
200 से अधिक फर्मों की भूमिका संदिग्ध
कफ सिरप मामले में झारखंड व उत्तराखंड की फर्मों से बड़ी संख्या में कफ सिरप की सप्लाई दूसरे चरण की डमी फर्मों को की जाती थी पर वास्तव में उन्हें कोई माल भेजा नहीं जाता था। एसटीएफ व एफएसडीए की संयुक्त जांच में 200 से अधिक फर्मों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इनमें जांच के बाद लगभग 100 फर्म के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। एसटीएफ अगली कड़ी में सिंडीकेट में सक्रिय रहे 10 और बड़े चेहरों की तलाश भी कर रही है।
400 करोड़ रुपये की सप्लाई का खेल
एसटीएफ की जांच में मुख्य आरोपी शुभम के पिता के नाम रांची (झारखंड) में पंजीकृत कराई गई मेडिकल फर्म सैली ट्रेडर्स के जरिए कोडीन कफ सिरप की अवैध सप्लाई का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया था। पूर्वांचल व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई दवा कंपनियों के माध्यम से तस्करी का नेटवर्क तैयार किया गया था। जांच में आरोपितों का डेढ़ वर्ष में लगभग 400 करोड़ रुपये की कफ सिरप की सप्लाई का खेल पकड़ा गया था। कफ सिरप की एमआरपी से कई गुना अधिक रेट पर अवैध सप्लाई की गई थी।

