सरकार अघोषित आपातकाल' थोप रही: दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर देश में ‘अघोषित आपातकाल’ थोपने का आरोप लगाया। उन्होंने जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराने के बाद पार्टी सदस्यों की हिरासत पर सवाल उठाए। नागपुर में उन्होंने संविधान, डॉ. आंबेडकर के विचारों और लोकतंत्र की रक्षा की बात कही। दीपके ने न्यायिक व्यवस्था, विदेशी फंडिंग के दावों और महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दों पर भी अपनी राय रखी।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार देश में 'अघोषित आपातकाल' थोप रही है। सीजेपी के दो सदस्यों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद नागपुर में मीडिया से बात करते हुए ये बात कही। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने सवाल किया, जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराने के लिए सीजेपी सदस्य सौरव दास और आशुतोष रांका ने आखिर कौन-सा अपराध किया था। उन्होंने पूछा कि उनका अपराध क्या था? दीपके ने कहा केंद्र सरकार देश में आपातकाल लगाना चाहती है तो आधिकारिक तौर पर लगाए। सिर्फ जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय ध्वज लहराने के लिए लोगों को पांच दिन तक हिरासत में रखा जाता है? वर्ष 1975 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान भी ऐसा नहीं हुआ था।
दीक्षाभूमि में डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि
दीक्षाभूमि पहुंच डॉ. आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
दीपके बुधवार को नागपुर स्थित दीक्षाभूमि पहुंचे और संविधान के शिल्पकार डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। यहां 14 अक्तूबर, 1956 को डॉ. बीआर आंबेडकर ने अपने हजारों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपनाया था। उन्होंने कहा देश संविधान और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों से चलता है। सरकार या कोई और इस देश पर आरएसएस की विचारधारा नहीं थोप सकता। देश आंबेडकर के विचारों का अनुसरण करेगा।
इंडिया गठबंधन और सीजेपी का आंदोलन
इंडिया गठबंधन और सीजेपी का उद्देश्य एक
सीईसी के खिलाफ इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन पर पूछे जाने पर दीपके ने कहा, सीजेपी एक स्वतंत्र समूह है और हमेशा ऐसा ही रहेगा। उन्होंने कहा कि लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सीजेपी इंडिया गठबंधन के खिलाफ है। इंडिया गठबंधन और सीजेपी का आंदोलन एक ही उद्देश्य के लिए है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए काम कर रहा है और उसे इसका पूरा अधिकार है।
न्यायिक व्यवस्था पर दीपके के सवाल
न्यायिक व्यवस्था पर सवाल उठाया
दीपके से पूछा गया कि क्या, सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने से बचना चाहिए था? इसपर दीपके ने आरोप लगाया कि शीर्ष कोर्ट ने अपने संवैधानिक दर्जे के बावजूद कुछ मामलों में निर्वाचन आयोग की मदद की है। उन्होंने राजनीतिक दलों में विभाजन और चुनाव चिह्नों को फ्रीज किए जाने का उल्लेख किया। मतदाता सूची से कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने के मामले में भी अदालत की भूमिका पर सवाल उठाया।
विदेशी फंडिंग के दावे पर प्रतिक्रिया
विदेशी फंडिंग के साक्ष्य सरकार को दें
भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल हरीश साल्वे के इस दावे पर कि भारत में हाल के विरोध प्रदर्शनों को विदेश से आर्थिक मदद मिल रही है। इसपर दीपके ने कहा कि वह वरिष्ठ वकील से इसका सबूत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंपने का अनुरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय सह साबित नहीं कर पाया है कि हमें विदेश से पैसा मिल रहा है। अगर हरीश साल्वे के पास सबूत हैं, तो सरकार को सौंप दें।
महाराष्ट्र के किसानों के मुद्दे
शिंदे किसानों के बारे में सोचें
दीपके से महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उस टिप्पणी पर सवाल पूछा गया जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्ष पाकिस्तान की भाषा बोल रहा। इसपर दीपके ने पलटवार करते हुए कहा कि शिंदे को राज्य के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। पूरे महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति है, तो हर बात में पाकिस्तान, चीन और अमेरिका को लाने की क्या जरूरत है? किसानों के बारे में सरकार को सोचना चाहिए।

