कोल इंडिया: एपेक्स जेसीसी की बैठक में कल बोनस पर फैसला संभव
कोल इंडिया की बैठक में दुर्गा पूजा पर कर्मियों को मिलने वाले बोनस पर चर्चा होने की संभावना है। पिछले वर्षों के ट्रेंड के आधार पर, कोयला कर्मी 1.10 लाख से अधिक बोनस की उम्मीद कर रहे हैं, हालांकि मुनाफे में कमी की आशंका भी जताई जा रही है।

धनबाद, विशेष संवाददाता। कोल इंडिया एपेक्स जेसीसी (संयुक्त सलाहकार समिति) की बैठक में तीन अक्तूबर को कोल इंडिया एवं अनुषंगी कंपनियों के कर्मियों को दुर्गा पूजा पर मिलने वाले बोनस (प्रॉफिट लिंक्ड रिवार्ड) पर निर्णय संभव है। दुर्गा पूजा पर कोयला बोनस का खास आकर्षण है। इसलिए बैठक पर कोल सेक्टर की नजर है। बोनस भुगतान के पूर्व के ट्रेंड के आधार पर कोयला कर्मी 1.10 लाख से ज्यादा बोनस की उम्मीद कर रहे हैं। पिछले एक दशक बोनस भुगतान पर गौर करें तो सालाना 4450 रुपए की वृद्धि हुई है। वैसे पिछले साल 2025 में रिकार्ड 9250 रुपए ज्यादा मिले थे। 2024 में भी बोनस 8750 रुपए की वृद्धि हुई है। 2023 में 8500 रुपए की वृद्धि के साथ बोनस का भुगतान किया गया था। इसलिए संभावना है कि 2026 में भी पिछले साल के मुकाबले बोनस में आठ हजार से अधिक की वृद्धि पर सहमति बन सकती है। यानी 1.10 लाख से ज्यादा ही बोनस कोयला कर्मियों को मिलेगा। हालांकि मुनाफे में कमी को लेकर बोनस की राशि में थोड़ी कमी की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि ट्रेड यूनियन नेताओं ने बात करने पर कहा कि कोल इंडिया के मुनाफे में ऐसी कोई कमी नहीं हुई है जिससे बोनस में कऔती की स्थिति बने।
औसतन डेढ़ हजार करोड़ का कोयला बोनस का बजट:
कोयला बोनस का औसतन हर साल डेढ़ हजार करोड़ का बजट रहता है। बोनस में वृद्धि के बावजूद बजट की राशि एक जैसी रहती है। इसकी भरपाई कोयलाकर्मियों की सेवानिवृत्ति से होती है। हर साल 12 हजार से 15 हजार कोयला कर्मी सेवानिवृत्त होते हैं। सेवानिवृत्त हाने वाले कर्मियों से जो बचत होती हैं,लगभग उतने का ही बोनस में वृद्धि होती है। 2026 में दो लाख या इससे कुछ कोयला कर्मी होंगे जिन्हें बोनस का भुगतान किया जाएगा।
पिछले एक दशक में_bonus_भुगतान
वर्ष राशि
2025 1,03,000
2024 93,750
2023 85,000
2022 76,500
2021 76,500
2020 72,500
2019 68,500
2018 64,700
2017 60,500
2016 57,000
2015 54,000


