पूर्णिया जिले के पांच विद्यालय बनेंगे क्लाइमेट स्मार्ट स्कूल
-अच्छी खबर : पूर्णिया, धीरज। जलवायु परिवर्तन के कारण आपदा के प्रकृति एवं प्रवृति में लगातार बदलाव हो रहा है, जिसका दुष्प्रभाव बच्चों के स्वास्थ्य, श

पूर्णिया, धीरज। जलवायु परिवर्तन के कारण आपदा के प्रकृति एवं प्रवृति में लगातार बदलाव हो रहा है, जिसका दुष्प्रभाव बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को देखते हुए पूर्णिया जिले के पांच विद्यालयों को क्लाइमेट स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। बायसी प्रखंड के मध्य विद्यालय मलहरिया, अमौर प्रखंड के मध्य विद्यालय बेलगाछी, आदर्श मध्य विद्यालय अमौर, रुपौली प्रखंड के मध्य विद्यालय बिरौली एवं श्रीनगर प्रखंड के मध्य विद्यालय हसैली खुट्टी को इसके लिए चयनित किया गया है। क्लाइमेट स्मार्ट स्कूल केवल हरित एवं स्वच्छ विद्यालय नहीं, बल्कि ऐसा विद्यालय होगा जो जलवायु परिवर्तन के संभावित जोखिमों को समझते हुए अपनी संरचना, व्यवस्था, शिक्षण गतिविधियों और बच्चों की सुरक्षा को उसके अनुरूप तैयार करेगा। विद्यालय स्तर पर जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत, हरित क्षेत्र का विकास, कचरा प्रबंधन, आपदा तैयारी को लेकर बच्चों की सक्रिय सहभागिता के साथ वृक्षारोपण,जल संचय, कचरा प्रबंधन के छोटे-छोटे प्रयास कर विद्यालय को क्लाइमेट विद्यालय में विकसित किया जायेगा。
विद्यालयों की जरूरत एवं स्थानीय जोखिमों के आधार पर कार्ययोजना तैयार :
---
-जिले में चयनित पांच विद्यालयों में क्लाइमेट स्मार्ट स्कूल की अवधारणा को चरणबद्ध तरीके से लागू करने तथा विद्यालय की आवश्यकताओं एवं स्थानीय जोखिमों के आधार पर कार्ययोजना तैयार की गयी है। लाइव क्लास जिला स्कूल पूर्णिया के प्रांगण में मंगलवार को शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन तथा यूनिसेफ, बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप एवं जीपीएसभीएस के तकनीकी सहयोग से विद्यालयों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति अधिक सुरक्षित, अनुकूल एवं लचीला बनाने के लिए शिक्षकों को आवश्यक जानकारी एवं व्यवहारिक समझ प्रदान करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में चयनित पांच विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, फोकल शिक्षक एवं इको क्लब के नामित शिक्षक एवं प्रखंड समन्वयक प्रमोद कुमार कर्मकार सहित 18 लोगों ने भाग लिए ।
विद्यालय, परिवार एवं समुदाय में जलवायु अनुकूल व्यवहार के वाहक बनेंगे बच्चे :
---
-मीडिया संभाग प्रभारी अरविन्द कुमार ने कहा कि बाढ़, अत्यधिक गर्मी, वज्रपात, आंधी-तूफान, अत्यधिक वर्षा एवं जल संकट जैसी परिस्थितियां बच्चों की शिक्षा एवं विद्यालय के नियमित संचालन में बाधा उत्पन्न कर सकती हैं। आज से छोटे-छोटे सामूहिक प्रयास कर जैसे पेड़ लगाकर, जल संरक्षण, कचड़ा प्रबंधन, कार्बन उत्सर्जन करने वाले कारकों को कम उपयोग कर तथा सामूहिक जनजागरूकता से भविष्य में जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम किया जा सकता है। जिला सलाहकार कमल कामत ने क्लाइमेट स्मार्ट स्कूल के विशेषता तथा जलवायु परिवर्तन के कारण एवं प्रभाव, स्थानीय जलवायु जोखिमों की पहचान, आपदा जोखिम न्यूनीकरण, विद्यालय आपदा प्रबंधन, जल एवं ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छता एवं वास, हरित विद्यालय परिसर, अपशिष्ट प्रबंधन, पौधारोपण तथा बच्चों में जलवायु एवं आपदा संबंधी जागरूकता विषयों पर जानकारी दी। फिया फाउंडेशन के जिला समन्वयक युगल किशोर ने बच्चों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से दी जाए, ताकि वे अपने विद्यालय, परिवार एवं समुदाय में जलवायु अनुकूल व्यवहार के वाहक बन सकें।


