Hajipur News: स्वच्छता ही सेवा के तहत चेहराकलां में हुई साफ-सफाई
Hajipur News: सरकार के 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत, चेहराकलां प्रखंड के सभी पंचायतों के स्वच्छता कर्मियों ने एकत्रित होकर एक घंटे का श्रमदान किया। इस अभियान का उद्देश्य गांवों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है। प्रखंड विकास पदाधिकारी डा. इस्माइल अंसारी ने स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया।

Hajipur News: सरकार के निर्देशानुसार ''स्वच्छता ही सेवा'' अभियान के तहत गुरुवार को प्रखंड चेहराकलां के पंचायत चेहराकलां सहित सभी पंचायतों के स्वच्छता कर्मी प्रखंड मुख्यालय पर एकत्रित हुए। एक दिन एक साथ एक घंटा सभी लोगों ने मिलकर श्रमदान किया। इस अभियान में प्रखंड विकास पदाधिकारी डा.मोहम्मद इस्माइल अंसारी और प्रखंड समन्वयक सीमा कुमारी के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय से प्रखंड चौक तक सघन साफ-सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में सभी पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षक भी शामिल हुए। जिनमें अबाबकरपुर से अरविंद कुमार, चेहराकलां से अरुण कुमार, मंसूरपुर हलिया से गुड्डू कुमार, मथाना मलिक से अभिषेक कुमार, रसूलपुर फतेह से वकील शाह और अख्तियारपुर सेहन से रंजीत कुमार शामिल थे।
बीडीओ डा. इस्माइल अंसारी ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य गांव-गांव में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना है। एक घंटा श्रमदान से न सिर्फ गंदगी दूर होगी बल्कि लोगों में भी स्वच्छता का संदेश जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे। -अशोक कुमार

