टेऊसा पंचायत में सामूहिक श्रमदान व स्वच्छता अभियान का आयोजन
टेऊसा पंचायत में सामूहिक श्रमदान व स्वच्छता अभियान का आयोजन टेऊसा पंचायत में सामूहिक श्रमदान व स्वच्छता अभियान का आयोजन

किशनगंज। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 अंतर्गत गुरुवार को राष्ट्रव्यापी “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” कार्यक्रम के तहत किशनगंज प्रखंड के ग्राम पंचायत टेउसा में सामूहिक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, निदेशक डीआरडीए, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार, मुखिया, टेउसा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने एकजुट होकर एक घंटे तक श्रमदान किया तथा स्थानीय बाजार की साफ-सफाई कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर पंचायत भवन, टेउसा परिसर में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुखिया एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर “स्वच्छता ही सेवा है” एवं “स्वच्छ बिहार, समृद्ध बिहार” के नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का समापन उच्च माध्यमिक विद्यालय, टेउसा में हुआ, जहां विद्यालय की छात्राओं ने स्वच्छता संबंधी संदेशों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रसार किया तथा सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। सामूहिक श्रमदान, पौधारोपण, स्वच्छता शपथ एवं जनजागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से जन-आंदोलन बनाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर किशनगंज के निर्माण का संदेश दिया गया ।

