स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन व कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाएं: सत्यप्रकाश
इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का गरिमापूर्ण समापनत स्वच्छता पखवाड़ा के समापन कार्यक्रम में मौजूद कार्यकारी निदेशक सत्य प्रकाश व अन्य। सिंघौल, निज संवाददाता। बरौनी रिफाइनरी...

सिंघौल, निज संवाददाता। बरौनी रिफाइनरी में एक से 15 जुलाई तक चले स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता बरौनी रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने की। कार्यकारी निदेशक ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान रिफाइनरी, टाउनशिप, विद्यालयों, महाविद्यालयों, निकटवर्ती ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता जागरूकता से जुड़ी अनेक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इनमें स्वच्छता शपथ, पदयात्रा, श्रमदान, नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता शिविर, पौध वितरण, कला प्रतियोगिताएं, विद्यालयी जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता कर्मियों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर, वेबिनार , कवि सम्मेलन तथा अन्य जनभागीदारी आधारित गतिविधियां शामिल रहीं। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं उत्तरदायी नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूक करना था। रिफाइनरी प्रमुख ने कहा कि स्वच्छता केवल एक निर्धारित अवधि तक सीमित गतिविधि नहीं होती, बल्कि यह एक सतत जीवन-मूल्य और सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं समुदाय के सदस्यों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन और कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
गतिविधियों पर आधारित पत्रिका का विमोचन
समारोह के दौरान स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों पर आधारित बरौनी रिफाइनरी की पत्रिका के स्वच्छता पखवाड़ा 2026 विशेषांक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान आयोजित गतिविधियों की झलकियों पर आधारित एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित की गई।
प्रतियोगिता के विजेता को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा विषय पर आयोजित रचनात्मक प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में सहयोग देने वाले विभिन्न विभागों, विद्यालयों, संस्थाओं एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना की गई। बरौनी रिफाइनरी ने इस आयोजन के माध्यम से पुनः यह प्रतिबद्धता व्यक्त की कि स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर हजारिका एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। यह जानकारी कर्मचारी सेवाएं, कॉर्पोरेट संचार एवं हिन्दी के मुख्य प्रबन्धक मीनाक्षी ठाकुर ने दी।


