अभिषेक बनर्जी समेत टीएमसी के चार नेताओं पर केस दर्ज
कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट पर तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में झड़प के दौरान अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन सहित चार नेताओं के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह झड़प अवैध होर्डिंग हटाने के प्रयास में सरकार के अधिकारियों से हुई थी।

कोलकाता, एजेंसी। कोलकाता के कैमैक स्ट्रीट स्थित तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यालय में गुरुवार को हुई झड़प के मामले में पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी, राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ'ब्रायन समेत चार नेताओं के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बनर्जी के कार्यालय के निजी सुरक्षा गार्ड, उनके समर्थकों और पार्टी के कुछ नेताओं की गुरुवार को पुलिस और कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों के साथ झड़प हो गई थी। वे अधिकारियों को कैमैक स्ट्रीट स्थित इमारत में घुसने और एक अवैध होर्डिंग को हटाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों और केएमसी अधिकारियों को उनके काम में बाधा डालने, उन पर हमला करने और गैर-कानूनी तरीके से इकट्ठा होने के आरोपों पर शेक्सपियर सरणी थाने में मामले दर्ज किए गए। कोलकाता पुलिस के अधिकारी ने बताया कि अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और हुमायूं कबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक प्राथमिकी केएमसी के विज्ञापन विभाग के अधिकारी की शिकायत पर दर्ज की गई जबकि दूसरी प्राथमिकी नगर निकाय के अनुरोध पर दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि तीसरी प्राथमिकी एक पुलिस सार्जेंट की शिकायत पर दर्ज की गई जिसमें आरोप लगाया गया था कि अज्ञात लोगों ने कर्मचारियों के काम में बाधा डाली और सरकार द्वारा उन्हें दिया गया वॉकी-टॉकी छीन लिया। कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (जासूसी विभाग) कुणाल अग्रवाल ने कहा कि पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।


