प्रदर्शन की अनुमति नहीं लेकिन हम करेंगे: दीपके
सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने ट्रेन रद्द होने और जंतर-मंतर प्रदर्शन की अनुमति न मिलने पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि संगठन शनिवार को प्रदर्शन करेगा और सरकार युवाओं से डरती है। सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। संगठन ने दीपक बलियान को नजरबंद किए जाने का दावा करते हुए उनके परिवार की सुरक्षा पर चिंता जताई।

दिल्ली आने वाली ट्रेन के रद्द होने पर सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मुंबई में शुक्रवार को उन्होंने कहा, हमें जंतर- मंतर पर प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं है लेकिन हम प्रदर्शन करेंगे। केंद्र सरकार जेन-जी से डरी हुई है। सरकार युवाओं से डरती है तो उसे पूरा देश बंद कर देना चाहिए। सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। आरोप है कि निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। दीपके ने कहा कि जंतर- मंतर पर प्रदर्शन के लिए सरकार की अनुमति की जरूरत नहीं है क्योंकि यह विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान है। एक्स पर पोस्ट में दीपके ने लिखा कि केंद्र सरकार ने आपातकाल को आधिकारिक बना दिया है। मेट्रो बंद, रेलवे बंद, इंटरनेट बंद, क्या यही नया भारत है। केंद्र सरकार विरोध प्रदर्शन की खबर से हिल गई है। सीजेपी ने दावा किया है कि राष्ट्रीय संगठन के सह-प्रभारी दीपक बलियान को नजरबंद कर दिया गया है। पार्टी का दावा है कि उनके घर पर सादे कपड़ों में 40 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद थे। बलियान के हवाले से सीजेपी ने कहा कि उनका परिवार डरा हुआ है और उसे अपनी सुरक्षा की चिंता है। सीजेपी ने परिवार को किसी भी तरह के नुकसान के लिए अलवर पुलिस को जिम्मेदार ठहराया।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी
आपातकाल जैसे हालात
दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार जेन-जी से डरी हुई है और उसने देश में आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर दी है। प्रदर्शन से पहले परिवहन सेवा को बंद करने के साथ दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है। बेंगलुरु से लौटने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए दीपके ने कहा कि सीजेपी के स्वयंसेवक शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अपनी योजना पर आगे बढ़ेंगे।

