मुंबई के आजाद मैदान में निकला तिरंगा मार्च
सीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शुक्रवार को मुंबई के आजाद मैदान और बेंगलुरु के टाउन हॉल में तिरंगा प्रदर्शन और मार्च किया। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने सीईसी के इस्तीफे की मांग की। अंजलि दमानिया ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ कथित पुलिस बर्बरता पर जवाबदेही की मांग की, जबकि संदीप देशपांडे ने महंगाई और बेरोजगारी से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। बेंगलुरु में पुलिस ने शांतिपूर्ण मार्च की चेतावनी दी।

मुंबई में तिरंगा प्रदर्शन
सीजेपी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुंबई के आजाद मैदान में ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन किया और सीईसी के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में सीजेपी के सैकड़ों समर्थकों और छात्र संगठनों के सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लिए लोग सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कथित बर्बरत के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की। दमानिया ने खुद को सीजेपी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि संगठन गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन करना चाहता था, लेकिन उसे वहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली। उन्होंने कहा कि हमें तिरंगा लहराने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार, नागरिक किसी भी समय राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं। प्रदर्शन में शामिल मनसे नेता संदीप देशपांडे ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी जैसे ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। मुंबई पुलिस ने गुरुवार को को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में प्रदर्शन आयोजित करने के लिए सीजेपी को अनुमति दी थी। मैदान और उसके आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
बेंगलुरु में तिरंगा मार्च
बेंगलुरु में टाउन हॉल से निकला मार्च
सीजेपी समर्थकों ने शुक्रवार को बेंगलुरु के टाउन हॉल में तिरंगा मार्च निकाला। टाउन हॉल से मार्च पुलिस सुरक्षा के बीच निकाला गया। सीजेपी के सदस्यों ने एक राजनीतिक दल के खिलाफ नारे लगाए तो मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें फिर चेतावनी दी और शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकालने को कहा। बेंगलुरु में आयोजकों द्वारा साझा किए गए पुलिस के अनुमति पत्र अनुसार, उन्हें किसी राजनीतिक दल, संगठन, समुदाय या व्यक्ति के खिलाफ नारे लगाने की मनाही थी। इसके अलावा, सार्वजनिक शांति भंग की आशंका वाले विरोध-प्रदर्शन संबंधी पोस्टर, बैनर या अन्य सामग्री पर भी रोक लगाई गई थी।

