स्थायी नियुक्ति की मांग पर दूसरे दिन भी डटीं सीएचओ
महराजगंज में सीएचओ ने स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर धरना दिया। ए-सीएचओ यूपी के बैनर तले 28 सितंबर से चल रहे धरना-प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सीएचओ ने कार्यस्थल पर भी प्रदर्शन शुरू किया। उन्होंने शासन से स्थायी नियुक्ति पर ठोस निर्णय लेने की मांग की है, यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर सीएचओ का आंदोलन जिले में भी जोर पकड़ने लगा है। ए-सीएचओ यूपी के बैनर तले 28 सितंबर से लखनऊ में चल रहे धरना-प्रदर्शन के समर्थन में लखनऊ नहीं जा सकीं सीएचओ ने अपने सीएचसी परिसर में धरना शुरू किया है। सदर सीएचसी परिसर 30 सितंबर से शुरू हुआ धरना गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। सीएचओ ने शासन से स्थायी नियुक्ति पर जल्द ठोस निर्णय लेने की मांग की। सीएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उनकी सेवा को स्थायित्व नहीं मिल रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभालने वाली सीएचओ लंबे समय से स्थायी नियुक्ति की मांग उठा रही हैं।
उनका कहना है कि केवल आश्वासन से अब बात नहीं बनेगी। शासन को उनकी मांग पर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।सीएचओ ने कहा लखनऊ में संगठन का आंदोलन जारी है। इसके समर्थन में जिले में भी सीएचओ ने कार्यस्थल पर धरना देकर अपनी मांग बुलंद की। दूसरे दिन भी सीएचओ धरने पर बैठीं और स्थायी नियुक्ति की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान राधिका यादव, राधिका मणि, आरती सक्या, ममता यादव, नीतू यादव, पूजा यादव, शिखा श्रीवास्तव, पिंकी, पूनम गोयल, वासीमा बानो, प्रियंका निगम, पुनीता, पिंकी आदि मौजूद रहीं।


