एएनएम व सीएचओ की हड़ताल से आयुष्मान आरोग्य केंद्रों पर लटके ताले, भटके मरीज
सीएचओ और एएनएम की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर ताले लगे रहे। इससे मरीजों को निजी अस्पतालों में भटकना पड़ा और बच्चों का टीकाकरण प्रभावित हुआ। कर्मचारियों ने मांगे पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है।

सीएचओ व एएनएम की अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते बुधवार को जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर ताले लटके रहे। इससे जहां मरीज अपनी जांच व इलाज कराने के लिए निजी अस्पतालों में भटके वहीं बच्चों का टीकाकरण भी प्रभावित हुआ। मांगें पूरी होने तक बुधवार को भी सीएचओ व एएनएम हड़ताल पर डटे रहे। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स के बैनर तले सीएचओ की हड़ताल का गुरुवार को स्वास्थ्य सेवाओं पर बुरा असर पड़ा। सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन के बाद सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष कमलदीप शर्मा ने बताया कि सरकार संगठन की जायज मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही।
सीएचओ का अलग कैडर बनाकर नियमितीकरण किया जाए। आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर ऑपरेशनल गाइडलाइन के अनुसार मानदेय, पीबीआई को मासिक मानदेय में शामिल किया जाए। साथ ही नियमित भर्तियों में सीएचओ को अनुभव के आधार पर वरीयता दी जाए। इसके अलावा रिक्त पदों पर स्थानांतरण किया जाए। स्वास्थ्य बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा दी जाए। मांगों को पूरा करने तक हड़ताल जारी रहेगी। बताया कि संगठन के 50 से ज्यादा साथी लखनऊ गए हैं। संगठन आरपार की लड़ाई लड़ेगा। इस दौरान वंदना, प्रीति, दीपा, स्वाति, हिमानी आदि रहे। उधर उत्तर प्रदेश महिला स्वास्थ्य कार्यकत्री संविदा संघ (एएनएम) ने संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर गुरुवार को भी कार्य बहिष्कार कर सीएमओ कार्यालय पर धरना देकर प्रदर्शन किया। एएनएम ने बताया कि संविदा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से नियमित कर्मचारियों के समान कार्य लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें करीब 12 हजार रुपये ही मानदेय दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, कोरोना काल के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली संविदा महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को नियमित करने की मांग की। कहा कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान पूजा सागर, अर्चना, सुनीता, रितु रानी, शीतू, ज्योति रानी, नीतू, बबलेश कुमारी, शबाना, रचना, नीलम, रजनी, सलोनी, शारदा आदि रहीं।


