गुजरात में चांदीपुरा वायरस से तीन बच्चों की मौत
साबरकांठा, गुजरात में एक छह वर्षीय बच्चे की चांदीपुरा वायरस (सीएचपीवी) संक्रमण के कारण मौत हो गई। बच्चे की पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी राजकुमार डामोर के रूप में हुई। अस्पताल में सात बच्चों की भर्ती हुई थी, जिनमें से दो अन्य बच्चों की भी इस वायरस के कारण मौत हो चुकी है।

साबरकांठा, एजेंसी। राजस्थान के छह वर्षीय एक बच्चे की गुजरात के साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में चांदीपुरा वायरस (सीएचपीवी) संक्रमण से मौत हो गई। मृत बच्चे की पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी छह वर्षीय राजकुमार डामोर के रूप में हुई है। जिस बच्चे की मौत हुई है, उसकी जांच रिपोर्ट छह जुलाई को मिली थी। इसमें चांदीपुरा वायरस की पुष्टि हुई थी। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) डॉ. विपुल जानी ने बताया कि 26 जून से नौ जुलाई के बीच चांदीपुरा वायरस के संदिग्ध संक्रमण वाले सात बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इनकी उम्र दो से 11 वर्ष तक थी। वहीं, इससे पहले दो और बच्चों की संक्रमण से मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि राजस्थान की दो वर्षीय एक बच्ची और साबरकांठा की तीन वर्षीय एक बच्ची का इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है। तीन वर्षीय एक बच्चे की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


