मुख्यमंत्री की घोषणाओं का महिलाओं ने तालियों से किया स्वागत
मुजफ्फरपुर में एमआईटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जीविका दीदियों से संवाद किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के सौ दिन पूरे होने पर उनके खातों में रुपये भेजने की घोषणा की, जिसे सुनकर महिलाएं खुशी से तालियां बजाने लगीं। उन्होंने स्वरोजगार के लिए 125 करोड़ रुपये का चेक भी दिया।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। एमआईटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लगभग पूरा पंडाल जीविका दीदियों व महिलाओं से भरा था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जीविका दीदियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री की हर घोषणा पर जीविका दीदियां व महिलाएं उत्साहित हो जाती थी। जैसे ही मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के सौ दिन पूरे होने पर जीविका दीदियों के खाते में रुपये भेजने की घोषणा की, पूरा पंडाल महिलाओं की तालियों से गूंज उठा।फंड की कमी होने की बात कहने वाली विपक्षी पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन वाले के खाते में पिछले दस जुलाई को 11 सौ रुपये भेजे गए हैं।
प्रतिमाह यह राशि निर्धारित तिथि को उनके खाता में भेजी जाएगी। इस घोषणा पर भी महिलाओं ने जमकर तालियां बजाई। जीविका समूहों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को लेकर 125 करोड़ रुपये का चेक देने पर महिलाओं में मुख्यमंत्री के समर्थन में तालियां बजाई।


