गंडक-कोसी का हो रहा है सर्वे बनेगा पक्का बांध : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेतिया में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गंडक और कोसी नदियों के सर्वे का उल्लेख किया और बाढ़ प्रभावितों के लिए सामुदायिक रसोई चलाने की बात कही। प्रभावित परिवारों को सहायता राशि देने तथा राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बेतिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि गंडक और कोसी नदी का सर्वे हो रहा है। बाढ़ से स्थायी निदान के लिए दोनों नदियों पर पक्का बांध बनेगा। नेपाल की तराई से पानी आने के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित आबादी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में सामुदायकि रसोई चलाने के निर्देश दिये गये हैं। एक भी बाढ़ पीड़ित को किसी तरह परेशानी नहीं होने दी जाएगी। वे बुधवार को बैरिया प्रखंड के बथना राहत शिविर में बोल रहे थे। फुलियाखाड़ में टूटे गंडक के चंपारण तटबंध से आई बाढ़ का जायजा लेने समीक्षा करने पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले नौतन, बैरिया व योगापट्टी में बाढ़ का हवाई सर्वेक्षण किया। उसके बाद वे बथना में चल रहे राहत शिविर में पहुंचे। यहां उन्होंने जीविका दीदियों, राहत शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को चिन्हित कर दशहरा से पहले सात हजार रुपये प्रति परिवार की अनुग्रह सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार की ओर से कुछ दिन पूर्व बाढ़ प्रभावित परिवारों को डीबीटी के माध्यम से सात हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। बाढ़ से प्रभावित लोगों तक पर्याप्त मात्रा में सूखा राशन व अन्य राहत सामग्री पहुंचाने के साथ पशुओं के लिए चारा एवं आश्रय की व्यवस्था करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। उन्हें एसओपी के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएंगी। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।
बाढ़ पीड़ितों के लिए सामुदायिक रसोई
बाढ़ पीड़ितों के घर लौटने तक सामुदायिक रसोई चलाया जाएगा। जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तबतक यह चलाया जाएगा। ताकि लोगों को पर्याप्त भोजन उपलब्ध हो सके। किसी भी बाढ़ पीड़ित व्यक्ति को भोजन की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिले व प्रखंड के अधिकारी जिम्मेवार होंगे।
डिप्टी सीएम के साथ अधिकारियों की रही मौजूदगी
समीक्षा के दौरान उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद डॉ. संजय कुमार जायसवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, सांसद सुनील कुमार, विधायक संजय कुमार पांडेय, विधायक विनय बिहारी, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, डीएम तरनजोत सिंह, एसएसपी कुमार गौतम समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।
राहत व बचाव कार्य रखें जारी
सीएम ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखा जाना चाहिए। इसके लिए एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया। पानी की निकासी के लिए आवश्यकता के अनुसार स्लुइस गेट खोलने का निर्देश दिया गया है। नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। नदियों में पानी कम होने के साथ ही कटाव तेज हो सकता है। इसके लिए तटबंधों एवं कटाव की निगरानी रखें। प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था करें। इससे लोगों को आवागमन में आसानी होगी।


