सोनवर्षा में सरस्वती विद्या निकेतन का शुभारंभ
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का उद्घाटन किया। यह विद्यालय क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। समारोह में उपस्थित नेताओं ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और विद्यार्थियों को समर्पण के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

शंकरपुर, एक संवाददाता सोनवर्षा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वर्चुअल माध्यम से किया। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरूआत हुई। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज यादव उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विजय कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के लिए यह विद्यालय मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सुदीप कुमार ठाकुर और अमर यादव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुभाष मेहता ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। समारोह में भगवान कुमार, मुखिया सविता देवी, अखिलेश यादव सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं व अभिभावक मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया।


