ग्राम सभा ने चर्च के लिए सामुदायिक जमीन देने पर रोक लगाई
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की ग्राम सभा ने ईसाइयों और धर्म बदल चुके लोगों के लिए चर्च बनाने और उनके मृतकों को दफनाने के लिए जमीन देने पर रोक लगा दी है। पंचायत के सदस्य ने कहा कि पादरियों और ईसाई प्रचारकों का गांव में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। यह निर्णय पेसा अधिनियम के तहत लिया गया है।

सुकमा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की एक ग्राम सभा ने ईसाइयों और धर्म बदल चुके लोगों के लिए चर्च बनाने, धार्मिक सभाएं आयोजित करने तथा शव दफनाने के लिए सामुदायिक जमीन देने पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। जिले के पुनपल्ली ग्राम पंचायत ने एक सूचना-पट्ट भी लगाया है, जिसपर लिखा गया है कि धर्म परिवर्तन, प्रार्थना सभाओं और अन्य गतिविधियों के लिए पादरियों और ईसाई प्रचारकों का गांव में प्रवेश प्रतिबंधित होगा। जनपद पंचायत सदस्य एवं भाजपा युवा मोर्चा के नेता मड़कम भीमा ने एक वीडियो बयान में कहा है कि ग्राम सभा ने यह प्रस्ताव भी पारित किया कि ग्राम पंचायत की सीमा के भीतर धर्म बदल चुके परिवारों के सदस्यों के शव दफनाने के लिए जमीन नहीं दी जाएगी।
ग्राम सभा में पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम, 1996 (पेसा) के तहत पांचवीं अनुसूची वाले अनुसूचित क्षेत्रों के सभी पंजीकृत मतदाता शामिल होते हैं। यह अधिनियम इन क्षेत्रों में ग्राम सभाओं और पंचायतों को शासन की पारंपरिक प्रणालियों की रक्षा और निगरानी के लिए अतिरिक्त शक्तियां देता है।


