खंडवारी पीजी कॉलेज की छात्राओं ने जीता गोल्ड मेडल
चहनिया के मां खंडवारी पीजी कॉलेज की छात्राओं ने प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। याशिका सिंह और यशिका सिंह ने क्रमशः सिंगल और डबल्स में गोल्ड मेडल जीते। वे अब असम में नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेंगी। विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

चहनिया, हिन्दुस्तान संवाद अंतर महाविद्यालयीय प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में खंडवारी पीजी कॉलेज चहनियां की छात्राओं ने प्रथम स्थान लाकर गोल्ड मेडल और कप जीता है। इसे लेकर विद्यालय परिवार में हर्ष व्याप्त है। वाराणसी में 30 सितंबर को अंतर महाविद्यालयी प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। जिसमें मां खंडवारी पीजी कॉलेज सहित कई पीजी कॉलेज ने प्रतिभाग किया था। खंडवारी पीजी कॉलेज की सिंगल में याशिका सिंह, डबल्स में यशिका सिंह और स्वेता पाल ने प्रथम स्थान लाकर गोल्ड मेडल के साथ कप जीता है। याशिका सिंह ने लगातार तीसरी बार कालेज को प्रथम स्थान दिलाया है। दोनों छात्राएं असम के गुवाहटी में नेशनल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने जाएगी।
इस दौरान संस्थापक प्रबंधक डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों छात्राओं का उत्साहवर्धन किया है। कहा कि कोच संतोष सिंह के नेतृत्व में दोनों बच्चियों ने प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस दौरान प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, निदेशक अवनीश सिंह, सच्चिदानंद सिंह, अरुण गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

