उपलब्धि: शहर की चेतना सैनी ने प्रोफेशनल बॉक्सिंग में लहराया परचम
थाईलैंड की मुक्केबाज को हराकर बनीं भारत की नंबर-1 रैंकिंग खिलाड़ी उपलब्धि: शहर की चेतना सैनी ने प्रोफेशनल बॉक्सिंग में लहराया परचम

गुरुग्राम, साक्षी रावत। जिले के गांव सिलोखरा की प्रोफेशनल महिला मुक्केबाज चेतना सैनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने 28 जून को दिल्ली के अर्जनगढ़ स्थित यूनिवर्सल बॉक्सिंग अकादमी में आयोजित प्रोफेशनल बॉक्सिंग मुकाबले में थाईलैंड की मुक्केबाज ख्वुनचित खुन्या को सर्वसम्मत निर्णय (यूनैनिमस डिसीजन) से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ चेतना ने भारत की प्रोफेशनल बॉक्सिंग रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर गुरुग्राम और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। मुकाबले के दौरान चेतना ने शुरुआत से ही आक्रामक और तकनीकी खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे मुकाबले में अपनी प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा, जिसके बाद निर्णायकों ने एकमत से उन्हें विजेता घोषित किया।
विदेशी मुक्केबाज के खिलाफ यह जीत उनके प्रोफेशनल करियर की सबसे अहम सफलताओं में से एक मानी जा रही है। चेतना सैनी का प्रोफेशनल बॉक्सिंग रिकॉर्ड भी बेहद प्रभावशाली रहा है। अब तक खेले गए नौ प्रोफेशनल मुकाबलों में उन्होंने आठ मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि केवल एक मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने देश की शीर्ष प्रोफेशनल महिला मुक्केबाज के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है। गांव सिलोखरा की बेटी की इस उपलब्धि से पूरे गुरुग्राम में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों ने उनकी इस सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए इसे जिले और हरियाणा के लिए गर्व का क्षण बताया है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि चेतना की यह उपलब्धि प्रदेश की युवा महिला खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रेरित करेगी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित करेगी।


