दिगंबर सिंह को मिली मध्य प्रदेश में किसान संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी
भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह को मध्य प्रदेश में किसान संगठन को मजबूत करने और किसानों को उनके अधिकारों के लिए संघर्ष का मानसिक बल देने की जिम्मेदारी दी गई है। मध्य प्रदेश यात्रा के दौरान, उन्होंने किसानों की समस्याओं को समझने और प्रभावी आंदोलन की रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।

भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह को मध्य प्रदेश में किसान संगठन को मजबूत करने और किसानों को उनके अधिकारों के लिए संघर्ष का मानसिक बल देने की जिम्मेदारी संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने सौंपी है। इसी क्रम में चौधरी दिगंबर सिंह संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक के साथ मध्य प्रदेश चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। किसान नेता दिगंबर सिंह ने मध्य प्रदेश के किसानों को कार्यक्रम में संबोधित किया।
किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष
रीवा जनपद के झिन्ना स्थित आनंदम पैलेस में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में चौधरी दिगंबर सिंह ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। दिगंबर सिंह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करना, किसानों की जमीनी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी एवं चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार करना है। चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि “यह मेरे लिए सौभाग्य और गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के एक छोटे से गांव से निकलकर मुझे मध्य प्रदेश के किसानों की सेवा करने और उन्हें उनकी समस्याओं के समाधान के लिए मानसिक ताकत देने का अवसर संगठन ने दिया है। इसके लिए मैं अपने राष्ट्रीय नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि किसान किसी भी प्रदेश का हो, उसकी मूल समस्याएं काफी हद तक समान हैं। खेती की बढ़ती लागत, फसलों का उचित मूल्य, भूमि अधिग्रहण, बिजली, सरकारी खरीद और तहसील स्तर पर होने वाली परेशानियां किसानों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। इन समस्याओं को समझकर ही प्रभावी किसान आंदोलन खड़ा किया जा सकता है।
संगठन की मजबूती
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए किसानों के बीच लगातार संवाद किया जाएगा। पदाधिकारियों को यह प्रशिक्षण दिया जाएगा कि वे किसानों की समस्याओं को केवल शिकायत के रूप में न देखें, बल्कि उनके समाधान के लिए तथ्यों के साथ लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से आवाज उठाएं।
किसानों के सुख-दुख में खड़े रहना
चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि किसान आंदोलन केवल नारों से मजबूत नहीं होता, बल्कि किसानों के सुख-दुख में उनके बीच खड़े रहने से मजबूत होता है। संगठन का प्रयास रहेगा कि मध्य प्रदेश के किसानों की आवाज गांव से लेकर जिला मुख्यालय और राजधानी भोपाल तक मजबूती से पहुंचे।


