मिशन एडमिशन: दूसरी मेरिट पर लगा ब्रेक, 50 फीसदी सीटें ही हुई लॉक
चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय द्वारा कॉलेज में सीटों के लिए द्वितीय चरण की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। पहली और दूसरी कटऑफ के दौरान 50% सीटें ही भरी जा सकीं। दिगम्बर जैन कॉलेज में 575 बीए सीटों में से 200, और 160 बीकॉम सीटों में से 100 सीटें भरी गईं। ओपन मेरिट जल्द जारी होगी।

बड़ौत। चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय द्वारा कॉलेज में खाली पड़ी सीटों को लेकर शुरू की गई द्वितीय चरण की प्रक्रिया सोमवार को समाप्त हो गई। ऑफर लेटर के साथ छात्रों की कॉलेजों में भीड़ रही। दरअसल, स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए 17 अगस्त को पहली कटऑफ जारी हुई थी। इसके लिए पहले 19 अगस्त का समय दिया गया था। 22 अगस्त को दूसरी कटऑफ जारी हुई जिसमे 25 अगस्त तक का समय दिया गया था। इतना सब होने के बावजूद कॉलेज में 50 फ़ीसदी सीटें ही लॉक हो पाई है। ऐसा पहली बार हुआ है जब दो सामान्य मेरिट के बावजूद कॉलेज में 50 फीसदी सीटें खाली पड़ी हुई है और अभी तक सभी सीटें नहीं भर पा रही है।
अब विश्वविद्यालय द्वारा ओपन मेरिट जारी की जानी है। बताया जा रहा था कि यह ओपन मेरीट शुक्रवार को जारी होगी। ओपन मेरिट जारी होने के बाद रिक्त सीटों को भरने की कवायद तेज हो जाएगी। दिगम्बर जैन कॉलेज में अभी बीए की 575 सीटों में से करीब 200 सीट लॉक हुई हैं। बीकॉम की 160 सीट में से करीब 100 व बीएससी की भी 160 में से करीब 100 सीटें भर पाई है।


