मिशन एडमिशन: स्नातक कक्षाओं के पंजीकरण पर लगा विराम
बड़ौत। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त हो गई है। पहली मेरिट सूची 20 जुलाई तक जारी होगी। इस वर्ष तीन मेरिट सूची जारी की जाएंगी, जिसमें अभ्यर्थियों को दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा।

बड़ौत। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त हो गई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए पहली मेरिट सूची (कटऑफ) 20 जुलाई तक जारी कर सकता है। पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों के दाखिले संबंधित महाविद्यालयों में शुरू कराए जाएंगे। इस वर्ष विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रवेश के लिए तीन मेरिट सूची (कटऑफ) जारी करने की तैयारी की है। प्रत्येक मेरिट सूची के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराते हुए प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सीटें रिक्त रहने पर दूसरी और तीसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। पहली कटऑफ 20 जुलाई को जारी हो सकती हैं। महाविद्यालयों में इस बार पारंपरिक पाठ्यक्रमों के साथ-साथ प्रोफेशनल ट्रेड से जुड़े पाठ्यक्रमों में भी विद्यार्थियों का अच्छा रुझान देखने को मिला है। बीबीए, बीसीए, बीकॉम (ऑनर्स) सहित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। डीजे कॉलेज प्राचार्या डॉ शिंजिता अग्रवाल का कहना है कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन पत्रों का सत्यापन कर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहली कटऑफ जारी कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी।


