विश्व आयुर्वेद परिषद के गुरुजन सम्मान से वैद्य डॉ. प्रजापति त्रिपाठी सम्मानित
सीवान में विश्व आयुर्वेद परिषद और बैद्यनाथ आयुर्वेद भवन द्वारा चरक जयंती समारोह मनाया गया। इस अवसर पर वैद्य और आचार्यों ने महर्षि चरक की वैज्ञानिक सोच और चिकित्सा के सिद्धांतों को याद किया। वैद्य प्रो. डॉ. प्रजापति त्रिपाठी को गुरुजन सम्मान से सम्मानित किया गया, जिन्होंने 38 वर्षों में 2440 छात्रों को आयुर्वेद सिखाया।

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। विश्व आयुर्वेद परिषद, बिहार इकाई व बैद्यनाथ आयुर्वेद भवन पटना के संयुक्त तत्वावधान में चरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया। महर्षि चरक जयंती के अवसर पर वैद्य व आचार्यों ने आयुर्वेद के महान आचार्य महर्षि चरक को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। साथ ही आयुर्वेद के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए अमूल्य योगदान, चिकित्सा के सिद्धांतों व स्वस्थ जीवन के प्रति उनके विचारों पर प्रकाश डाला गया। जयंती समारोह में विश्व आयुर्वेद परिषद की ओर से दयानंद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य वैद्य प्रो. डॉ. प्रजापति त्रिपाठी को गुरुजन सम्मान से सम्मानित किया गया। विश्व आयुर्वेद परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. शिवादित्य ठाकुर, प्रांत अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद पटेल, राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय, पटना की प्राचार्या प्रो. डॉ. उमा पांडेय व बैद्यनाथ आयुर्वेद भवन प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त निदेशक प्रमोद शर्मा ने सम्मान स्वरुप डॉ. त्रिपाठी को अंगवस्त्र, प्रमाण पत्र, मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
मौके पर वक्ताओं ने कहा कि दयानंद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य व राष्ट्रीय स्तर के वैद्य प्रो. डॉ. प्रजापति त्रिपाठी ने अपने करीब 38 वर्षों के कार्यकाल 2440 छात्र-छात्राओं को आयुर्वेद की विभिन्न विधाओं से शिक्षित किया।


