जानकीचट्टी में यात्रियों को घेरने पर जिला पंचायत की व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
यमुनोत्री धाम के जानकीचट्टी में यात्रियों को घेरने और संचालन से संबंधित मजदूरों की परेशानियाँ बढ़ रही हैं। यात्रियों से मनमाने तरीके से सेवाएं लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। स्थानीय लोग असुविधा की शिकायत कर रहे हैं, जबकि अधिकारी स्थिति को सुधारने के प्रयास में हैं।
बड़कोट। यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ाव जानकीचट्टी में यात्रियों को अपनी ओर करने को लेकर मजदूरों और घोड़ा-खच्चर संचालकों की कथित हुड़दंगबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। यात्रियों के यहां पहुंचते ही उन्हें घेरकर अपनी सेवाएं लेने के लिए दबाव बनाने के आरोप लग रहे हैं। शुक्रवार को भी जानकीचट्टी में यात्रियों के साथ इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान जानकीचट्टी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। जैसे ही यात्री वाहन से उतरते हैं, मजदूर और घोड़ा-खच्चर संचालक उन्हें अपनी ओर करने के लिए घेर लेते हैं।
इससे यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। कई बार यात्रियों के सामान को लेकर भी खींचतान जैसी स्थिति बन जाती है। स्थानीय निवासी संदीप राणा, अरविंद रावत, महावीर पंवार, आदि ने कहा कि जिला पंचायत और कुली एजेंसी यात्रियों से शुल्क वसूलने तक सीमित दिखाई दे रही हैं। यात्रियों को सुव्यवस्थित ढंग से सेवाएं उपलब्ध कराने और जानकीचट्टी में व्यवस्था सुधारने को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को अनावश्यक रूप से घेरने और अपनी सेवाएं लेने के लिए दबाव बनाने की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। मामले में बड़कोट एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि यात्रियों को घेरने और अव्यवस्था से जुड़े मामले में पुलिस तथा जिला पंचायत को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।


