तांती/ततवा के एससी से हटते ही 14 जेलकर्मियों के जाति की बदल गई कोटि
तांती व ततवा को एससी से हटाकर अत्यंत पिछड़ा वर्ग में शामिल किया गया बदलाव

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। तांती/ततवा जाति को अनुसूचित जाति कोटि से निकालकर मूल कोटि अत्यंत पिछड़ा वर्ग की कोटि में शामिल करते ही राज्य भर के जेलों में पदस्थापित 14 कक्षपालों की कोटि भी बदल गई। अनुसूचित जाति कोटि से नौकरी में आए वे कक्षपाल अब अत्यंत पिछड़ा वर्ग की कोटि में शामिल हो गए हैं। आरक्षण की बात करें तो सभी कोटि के लिए आरक्षित पद तय होते हैं। ऐसे में उन 14 कक्षपालों के अत्यंत पिछड़ा वर्ग में शामिल होने के बाद उस कोटि में पहले से आरक्षित पद से ज्यादा संख्या हो गई है। उन्हें समायोजित करने के लिए अत्यंत पिछड़ा वर्ग की कोटि में 14 शेडो पोस्ट सृजित किया गया है। इसको लेकर गृह विभाग (कारा) ने राज्यपाल के आदेश पर निर्देश जारी किया है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा एक अपील की सुनवाई के बाद तांती/ततवा जाति को अनुसूचित जाति कोटि से निकालकर उन्हें मूल कोटि अत्यंत पिछड़ा वर्ग की कोटि में शामिल करने के आदेश के आलोक में अनुपालन को लेकर सरकार ने निर्देश दिया है。
विभिन्न जेलों में पदस्थापित इन कक्षपालों की कोटि बदल गई
तांती/ततवा जाति को अनुसूचित जाति कोटि से निकालकर उन्हें मूल कोटि अत्यंत पिछड़ा वर्ग की कोटि में शामिल करने के बाद जिन 14 कक्षपालों के जाति का वर्ग बदल गया उनमें अरुण कुमार, सीमा कुमारी, दिवाकर कुमार, काजल कुमारी, रोहित कुमार, सरोजनी कुमारी, कुन्दन कुमार, दिलीप कुमार तांती, मंटू लाल प्रसाद, कुंदन कुमार, गोपाल कुमार, संजीव कुमार, सुमन कुमारी और सुरेश दास शामिल हैं। जाति का वर्ग बदलने के बाद इन सभी को उस पद पर बनाए रखने के लिए अत्यंत पिछड़ा वर्ग की कोटि में 14 शेडो पद सृजित किए गए हैं।
क्या होता है शेडो पद, एक बार के लिए ही होता है सृजित
जातियों की कोटि बदलने के बाद 14 कक्षपालों के अत्यंत पिछड़ा वर्ग की कोटि में बनाए रखने के लिए शेडो पद का सृजन किया गया है। सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि शेडो पद का सृजन सिर्फ एक बार के लिए ही किया जा रहा है। ये पदोन्नति, सेवानिवृत्ति या अन्य कारणों से रिक्त होते ही मरणशील हो जाएंगे यानी ये शेडो पद वैसी स्थिति में खत्म हो जाएंगे। उन पदों को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। यह भी बताया गया है कि उक्त शेडो पदों को सृजित करने से 7334768 रुपये का वार्षिक वित्तीय भार होगा।


