नगीना के सांसद चंद्रशेखर रावण को देख उमड़े समर्थक
रुद्रपुर में बुधवार रात नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद (रावण) के आने पर समर्थकों की बड़ी भीड़ जुट गई। समर्थकों ने उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मचाई, जिससे उनकी कार को निकालने में समस्या हुई। सुरक्षा कर्मियों की सहायता से सांसद का काफिला आगे बढ़ा।
रुद्रपुर, वरिष्ठ संवाददाता। नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद (रावण) के बुधवार रात अचानक रुद्रपुर होते हुए नगीना जाते समय रुद्रपुर के त्रिशूल चौक पर समर्थकों की भीड़ जुट गयी। सांसद के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गयी। इसके चलते सांसद का काफिला काफी देर तक यहां रोकना पड़ा। समर्थकों की भीड़ के बीच सुरक्षा कर्मियों ने उनकी कार को किसी तरह निकाला। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे यूपी के नगीना से सांसद और भीम आर्मी के केंद्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण बरेली में किसी कार्यक्रम में शिरकत करने गए थे। वहां से किच्छा पुलभट्टा होते हुए रुद्रपुर में त्रिशूल चौक होते हुए यूपी की ओर रवाना हो रहे थे।
यहां पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनका त्रिशूल चौक पर इंतजार कर रहे थे। उनके यहां पहुंचते ही कार्यकताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। वहीं कार्यकर्ताओं के अति उत्साहित होने के चलते यहां से उनका वाहन निकालने में दिक्कत आयी। समर्थकों में उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गयी। इसके बाद सांसद के निर्देश पर सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को हटाते हुए उनका काफिला यूपी की ओर रवाना किया।

