गुजरात में चांदीपुरा वायरस संक्रमित 22 बच्चों की मौत
गुजरात में मानसून में चांदीपुरा वायरस से 22 बच्चों की मौत हो गई है। 184 संदिग्ध मामलों में से 35 पॉजिटिव पाए गए। सात बच्चे गंभीर हालत में अस्पताल में हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गांधीनगर, राजकोट, और अन्य जिलों में मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य टीमें प्रभावित क्षेत्रों में दवा छिड़काव कर रही हैं।

अहमदाबाद, एजेंसी। गुजरात में इस मानसून सीजन में चांदीपुरा वायरस से संक्रमित 22 बच्चों की जान चली गई। राज्य में इस संक्रमण के 184 संदिग्ध मामलों में से 35 पॉजिटिव निकले थे। सात बच्चों का अब भी गंभीर हालत में अस्पतालों में इलाज चल रहा है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पंसारिया ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांधीनगर, राजकोट, भावनगर, साबरकांठा, पाटन और अन्य जिलों में चांदीपुरा वायरस के मामले मिले थे। उन्होंने बताया कि 11 संदिग्ध मामलों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। उन्होंने बताया कि सात बच्चे अस्पतालों में भर्ती हैं और उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज दिया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि सभी बच्चे 15 साल से कम उम्र के हैं। बताया कि स्वास्थ्य टीमों को उन इलाकों में दवा छिड़काव करने को कहा गया है, जहां यह वायरस फैलाने वाली सैंड फ्लाई (बालू मक्खी) के होने की आशंका है।


