मुख्य आरोपी राघव के घर और न्यूज़ चैनल दफ्तर में चार घंटे तक जांच
चांडिल के हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक सिंह के आवास और संबंधित न्यूज चैनल में तलाशी ली, लेकिन कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। जांच जारी है। अब तक कई आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें हत्याकांड के मुख्य शूटर का भी नाम शामिल है।

चांडिल के चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित आवास के अलावा उससे जुड़े एक न्यूज चैनल के कार्यालय में करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, इस तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ कोई बड़ी जब्ती नहीं लगी। बताया जाता है कि पुलिस टीम दोपहर 1.34 बजे सोनारी स्थित न्यूज चैनल के कार्यालय पहुंची। करीब एक घंटे 36 मिनट तक वहां तलाशी अभियान चलाने के बाद 3.10 बजे कार्यालय से निकली। इसके बाद टीम अशोक सिंह उर्फ राघव के आवास पहुंची, जहां भी तलाशी ली गई। पुलिस ने आवास के विभिन्न स्थानों की जांच की। जांच अभियान में सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन, बिष्टूपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार और चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी के अलावा पुलिस बल शामिल था。
आपत्तिजनक सामान नहीं मिले : थाना प्रभारी
चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि जांच अभियान अनुसंधान का हिस्सा है। न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार तलाशी ली गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस को कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, इसलिए किसी तरह की जब्ती नहीं की गई है। मामले की जांच आगे भी जारी है। मालूम हो कि 26 अगस्त को चांडिल के होटल टेंथ माइल स्टोन में जमशेदपुर के युवा होटल व्यवसायी निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।
अब तक ये हुए गिरफ्तार :
हत्याकांड में पुलिस अब तक अशोक सिंह उर्फ राघव, अंकित सिंह, सुशील केराई, सुनील रजक, रितेश सिंह, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक बरामद करने की जानकारी दी थी। जांच के दौरान कोलकाता पुलिस के ट्रैफिक सार्जेंट अयन गुप्ता और सिविक वॉलंटियर ट्विंकल दास की भी गिरफ्तारी हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों पर निखार की लोकेशन उपलब्ध कराने और अन्य मदद करने का आरोप है। वहीं, हत्याकांड के मुख्य शूटर सागर को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

