छात्र आंदोलन को समर्थन देगा मंच
चांडिल डैम स्थित गोल्डन व्यू रिसॉर्ट में विस्थापितों की बैठक हुई। बैठक में पुनर्वास, मुआवजा, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर चर्चा की गई। मंच ने 7 अगस्त को रांची में छात्र आंदोलन का समर्थन करने का निर्णय लिया। 25-27 अगस्त को ग्रामीण जागरूकता यात्रा आयोजित करने की योजना भी बनी।

चांडिल, संवाददाता। चांडिल डैम स्थित गोल्डन व्यू रिसॉर्ट में चांडिल डैम विस्थापित समन्वय मंच के बैनर तले विस्थापितों की बैठक हुई। बैठक में चांडिल डैम के लंबित पुनर्वास, मुआवजा, भूमि अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं पुनर्वास स्थल में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भावी रणनीति तय की गई।
बैठक के निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वो 7 अगस्त को रांची में छात्र आंदोलन को चांडिल डैम विस्थापित समन्वय मंच अपना पूर्ण समर्थन देगी। मंच का प्रतिनिधिमंडल जल संसाधन विभाग के सचिव एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन से मिलकर विस्थापितों की लंबित मांगों से संबंधित मांग-पत्र सौंपेगी तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करेगी। 16 अगस्त को मंच बैठक होगी। इसमें आगामी चरण के आंदोलन की विस्तृत कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। मंच 25, 26 एवं 27 अगस्त को तीन दिवसीय ग्रामीण संवाद सह जागरूकता यात्रा निकलेगी। यह यात्रा ईचागढ़ प्रखंड से प्रारंभ होगी और चरणबद्ध तरीके से चांडिल डैम परियोजना से प्रभावित विस्थापित गांवों में जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से मंच की संयोजक मंडली का गठन किया गया। इसमें राकेश रंजन महतो, नारायण गोप, अंबिका यादव, श्यामल मार्डी, मनोहर महतो, मंजू गोराई, विवेक सिंह बाबू, विष्णु महापात्र, अनूप कुमार महतो, अवधेश मुर्मू तथा कृष्णा कालिंदी को शामिल किया गया है।


