‘सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर बापू दिलाई आजादी’
चंदौली में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर ध्वजारोहण, श्रद्धांजलि, सफाई अभियान, और प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बापू की सत्य और अहिंसा की विचारधाराओं को याद किया और नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया।

चंदौली, संवाददाता । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जिले में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान सरकारी और अर्द्ध सरकारी भवनों के साथ ही शिक्षण संस्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया गया। उनके कृत्यों और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया। दोनों महापुरुषों के पद चिह्नों एवं बताए मार्ग पर चलने का संकल्प और शपथ लिया गया। सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और 'जय जवान, जय किसान' के प्रणेता लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।
वहीं सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें बापू के प्रिय भजनों 'वैष्णव जन तो तेणे कहिये' और 'रघुपति राघव राजा राम' का गायन का लघु फिल्म के माध्यम से देखा एवं सुना गया। जबकि सभागार में हुई संगोष्ठी में डीएम ने बापू की विचारधाराओं और जीवन-दर्शन पर प्रकाश डाला। कहा कि महात्मा गांधी का जीवन केवल इतिहास का पन्ना नहीं। बल्कि सभी के लिए एक जीवंत मार्गदर्शिका है। सत्य, अहिंसा और सादगी के जिन सिद्धांतों के बल पर बापू ने देश को आजादी दिलाई। वह आज के युग में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने बापू के पदचिन्हों और विचारों पर चलने की अपील किया। कहा सत्य और अहिंसा को आचरण में उतारें। केवल बोलने में ही नहीं। बल्कि अपने दैनिक कार्य व्यवहार और प्रशासनिक सेवाओं में ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखना ही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखना हर नागरिक का दायित्व है। जिलेवासियों से स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील किया। कहा कि बापू के 'अन्त्योदय' के सपने को साकार करने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचाना ही प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य है। इस मौके पर एडीएम राजेश कुमार, एडीएम न्यायायिक रतन वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


