बिजली परियोजना से चोरी की विद्युत सामाग्री सहित 4 गिरफ्तार
चमोली पुलिस ने विद्युत परियोजना से संबंधित ₹8 लाख मूल्य के बिजली लाइन निर्माण सामग्री चोरी मामले का खुलासा करते हुए सभी सामान बरामद कर लिए हैं। चोरी की गई सामग्री में 1100 मीटर पीवीसी केबल और एल्युमीनियम वायर शामिल हैं। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गोपेश्वर। विद्युत परियोजना से लगभग ₹8 लाख मूल्य के बिजली लाइन निर्माण सामग्री चोरी प्रकरण का चमोली पुलिस ने अनावरण कर शत-प्रतिशत माल बरामद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने बताया टीएस पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड में साइट इंजीनियर नकुल कुमार ने पुलिस सूचना देकर बताय आरडीएसएस परियोजना के अंतर्गत कर्णप्रयाग क्षेत्र के नौटी, पुडियाणी एवं जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने हेतु साइट पर रखी गई लगभग 1100 मीटर पीवीसी केबल, 3-4 कुंतल एल्युमीनियम वायर एवं हार्डवेयर सामग्री अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवारके निर्देश पर तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास गहन सुरागरसी एवं पतारसी करते हुए आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान रात्रि में एक संदिग्ध छोटा हाथी (लोडर) वाहन की आवाजाही प्रकाश में आई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुये गौचर पुलिस चौकी पर उक्त संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से चोरी किया गया पूरा माल (शत-प्रतिशत बरामदगी) बरामद कर लिया गया तथा घटना में संलिप्त आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है


