चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज को मिला राष्ट्रीय स्तर पर 4 स्टार रेटिंग, देश के सर्वोच्च स्टार रेटिंग वाले संस्थानों में शामिल
चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज ने नवाचार और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने 2024-25 के लिए इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल की वार्षिक प्रदर्शन रेटिंग में कॉलेज को 4 स्टार रेटिंग प्रदान की। यह रेटिंग झारखंड से केवल पाँच संस्थानों को मिली है।
चाईबासा। चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज , झींकपानी ने नवाचार और स्टार्ट-अप के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए इंस्टीट्यूशन्स इनोवेशन काउंसिल की वार्षिक प्रदर्शन रेटिंग जारी की है। इसमें कॉलेज को 4 स्टार रेटिंग मिली है। इस वर्ष देश के किसी भी संस्थान को इससे अधिक रेटिंग नहीं मिली है। इस तरह चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज देश के सर्वोच्च स्टार रेटिंग प्राप्त संस्थानों की श्रेणी में शामिल हो गया है। देशभर के 8 हज़ार से अधिक संस्थानों में शीर्ष श्रेणी
रेटिंग की प्रक्रिया
इस वर्ष की रेटिंग में देशभर के 8,000 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन किया गया। इनमें से केवल 384 संस्थान, यानी लगभग पाँच प्रतिशत, 4 स्टार की सर्वोच्च श्रेणी तक पहुँच सके। झारखंड से कुल 72 संस्थानों को रेटिंग मिली। इनमें चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज सहित केवल पाँच संस्थानों को 4 स्टार रेटिंग मिली है। कॉलेज के अलावा बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी , मेसरा, एमिटी यूनिवर्सिटी रांची, झारखंड राय यूनिवर्सिटी रांची और दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज ने भी 4 स्टार हासिल किए। ये पाँचों संस्थान राज्य में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर हैं।
कॉलेज की प्रगति
चाईबासा इंजीनियरिंग कॉलेज पिछले कई वर्षों से आईआईसी रेटिंग में झारखंड में अग्रणी रहा है। कॉलेज को 2021-22 में 3.5 स्टार, 2022-23 में 3 स्टार और 2023-24 में 3.5 स्टार रेटिंग मिली थी। इन वर्षों में कॉलेज कभी राज्य में अकेले सर्वोच्च स्टार रेटिंग के साथ और कभी संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान पर रहा। इस वर्ष कॉलेज ने राज्य में लगातार चौथे वर्ष शीर्ष स्थान बनाए रखा है। साथ ही, कॉलेज के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है।
प्राचार्य की भूमिका
जानकारी के अनुसार, कॉलेज के प्राचार्य प्रभारी प्रो. डी. राहा इस उपलब्धि में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। वे संस्थान में नवाचार और स्टार्ट-अप संस्कृति विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रो. राहा ने कहा, यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। वह आईआईसी सेल के सभी सदस्यों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को उनके योगदान के लिए बधाई देता हूँ। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कॉलेज के आईआईसी सेल के अध्यक्ष डॉ. तन्मय दास को भी दिया।


