श्रम कल्याण, एमएसएमई पर निर्णय स्वागत योग्य
डीएवी पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप मिश्रा ने केंद्र सरकार के रेलवे बोनस और सामाजिक सुरक्षा संबंधी फैसलों का स्वागत किया। उनके अनुसार, 11.41 लाख रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का बोनस उपभोग और बाजार मांग बढ़ा सकता है। पांच वर्षों के लिए सामाजिक सहायता कार्यक्रम में ₹53,428 करोड़ का प्रावधान और दिव्यांगता पेंशन की पात्रता सीमा 80% से घटाकर 40% करना समावेशन की दिशा में अहम कदम हैं। उन्होंने कहा कि सफलता का आकलन योजनाओं के वास्तविक लाभ से होना चाहिए।

वाराणसी। केंद्र सरकार के बुधवार के तीन महत्वपूर्ण निर्णयों को केवल बोनस, पेंशन या बजटीय आवंटन के रूप में देखना पर्याप्त नहीं है। इनके पीछे श्रम की गरिमा, सामाजिक न्याय और उत्पादक पूंजी के माध्यम से आर्थिक विकास को गति देने की व्यापक संभावना निहित है। डीएवी पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप मिश्रा ने कहा कि केंद्र सरकार के ये फैसले स्वागत योग्य हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का बोनस, लगभग 11.41 लाख कर्मचारियों के लिए ₹2,009.61 करोड़ का बोनस उनकी क्रयशक्ति बढ़ाने, घरेलू उपभोग को प्रोत्साहित करने और बाजार में मांग के गुणक प्रभाव को मजबूत करने में सहायक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के लिए पांच वर्षों में ₹53,428 करोड़ का प्रावधान और दिव्यांगता पेंशन की पात्रता सीमा 80% से घटाकर 40% करना सामाजिक समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नीतियों की वास्तविक सफलता घोषणाओं और आवंटित धनराशि से नहीं, बल्कि उनके परिणामों से मापी जानी चाहिए। पेंशन पर्याप्त हो, निवेश छोटे शहरों तक पहुँचे, उद्यमों को वित्त मिले और श्रमिकों को सम्मानजनक रोजगार प्राप्त हो, तभी विकास का लाभ समाज के व्यापक वर्गों तक पहुंचेगा।

