आकांक्षी ब्लॉक के केंद्रीय प्रभारी बने आईएएस अंकित
केंद्र सरकार ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत कौशाम्बी जिले के मंझनपुर और कौशाम्बी विकास खंडों के लिए केंद्रीय प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति की है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल को नियुक्त किया गया है। वे जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की निगरानी करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन करेंगे।

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत जिले के मंझनपुर और कौशाम्बी विकास खंडों के लिए केंद्रीय प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति की गई है। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के तहत कैबिनेट की नियुक्ति समिति सचिवालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय में निदेशक पद पर तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल को कौशाम्बी जिले का आकांक्षी ब्लॉकों का केंद्रीय प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी मंझनपुर और कौशाम्बी ब्लॉक में केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत परखेंगे। विकास कार्यों की प्रगति की निगरानी करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
उनके स्तर से स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की जाएगी। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम का उद्देश्य पिछड़े विकास खंडों में प्रमुख विकास संकेतकों में तेजी से सुधार लाना है। केंद्रीय प्रभारी अधिकारी के नियमित निरीक्षण और समीक्षा से लंबित योजनाओं के निस्तारण तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में तेजी आने की उम्मीद है। केंद्र से मिलने वाली वित्तीय और तकनीकी सहायता का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। नियुक्ति से दोनों विकास खंडों में विकास कार्यों को नई गति मिलना तय है।


