पुरानी बोगियों में बैठकर घूम रहे पहाड़
स्विस आल्प्स की फुर्का पास स्टीम रेलवे अपने 100 साल पूरे होने का जश्न मना रही है। पर्यटक कोयले से चलने वाले पुराने भाप इंजन से इस खूबसूरत सफर का लुत्फ उठा रहे हैं। 1926 में खुला यह रूट, जो उरी और वैलेस को जोड़ता है, अब गर्मियों में पर्यटकों के लिए खुलता है।

स्विस आल्प्स की स्टीम रेलवे के 100 साल पूरे, खास सफर फिर शुरू बर्फ से ढकी चोटियों और हरी-भरी वादियों के बीच सैर कर रहे पर्यटक
स्विस आल्प्स की ऐतिहासिक रेल
रील्प, एजेंसी। स्विस आल्प्स की पहाड़ियों से होकर गुजरने वाली ऐतिहासिक ‘फुर्का पास’ स्टीम रेलवे अपनी 100वीं सालगिरह मना रही है।
पुरानी भाप इंजनों का सफर
इस जश्न के मौके पर पुराने जमाने के कोयले से चलने वाले स्टीम (भाप वाले) इंजन एक बार फिर पर्यटकों को सैर कराएंगे। समुद्र तल से 2,431 मीटर की ऊंचाई पर स्थित फुर्का पास अपने बेहद तीखे और खतरनाक मोड़ों के लिए मशहूर है। साल 1964 की मशहूर जेम्स बॉन्ड फिल्म गोल्डफिंगर में अभिनेता शॉन कॉनरी का कार चेस सीन इसी रास्ते पर फिल्माया गया था।
खेतों और नदियों का नजारा
3 जुलाई 1926 को पहली बार एक स्टीम ट्रेन ने इस खड़ी और घुमावदार पहाड़ी पर अपना सफर तय किया था, जिसने स्विट्जरलैंड के दो प्रमुख इलाकों (उरी और वैलेस) को आपस में जोड़ा। 1980 के दशक में पहाड़ों के नीचे सुरंग बनने के बाद इस रूट को बंद कर दिया गया था, लेकिन सैकड़ों रेल प्रेमियों ने हार नहीं मानी। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से इन पुराने ट्रैक और भाप इंजनों को ठीक किया। साल 2010 तक इस 18 किलोमीटर लंबे ट्रैक को पूरी तरह बहाल कर दिया गया। अब यह रेल सिर्फ गर्मियों के मौसम में पर्यटकों के लिए चलाई जाती है। लोग पुरानी बोगियों में बैठकर मैदान, नदियों और बर्फ के नजारे देखते हैं।


