जनगणना में तैनात होंगे 9.5 हजार कर्मचारी
दिसम्बर में जनगणना का कार्य शुरू करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 9,500 कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे। कर्मियों का प्रशिक्षण जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा। अक्टूबर तक सभी कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

केन्द्र से जनगणना का कार्य दिसम्बर माह में कराने का संकेत मिलते ही जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। जनगणना कर्मियों की तैनाती से लेकर प्रशिक्षण तक का खाका तैयार किया जा रहा है। इस बार घर-घर जानकारी एकत्र करने के लिए 9.5 हजार कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। कर्मचारियों के चयन के बाद उनका प्रशिक्षण कराया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से बनाई गई रणनीति के तहत जनणगना निदेशालय का अधिकारी जिला प्रशासन के पांच अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण देगा। वह नगर निगम और तहसील स्तर के अधिकारियों को 202 फील्ड ट्रेनर का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर नगर निगम के जोनल कार्यालयों और तहसीलों में 9.5 हजार कर्मचारियों को प्रगणक के लिए प्रशिक्षित करेंगे।
उनको फील्ड में जनगणना से जुड़े सवालों और फार्म भरने का तरीका समझाया जाएगा।अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार सिंह ने बताया कि यह पूरी कवायद अक्तूबर माह तक हरहाल में पूरी कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो कर्मचारी प्रथम चरण में तैनात किए गए थे उनका डाटा मंगाया जा रहा है। जिन कर्मियों का स्थानांतरण हो गया होगा या किसी कर्मचारी का स्वास्थ्य खराब होगा तो उसकी जगह दूसरे कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। यह कवायद सितम्बर माह में ही पूरा करना है। इसके लिए संबंधित विभागों को निर्देश दे दिया गया है। यह भी ध्यान रखा जाएगा कि किसी प्रगणक की ड्यूटी उसके आवास या कार्य स्थल से दूर न लगे।


